सोनीपत क्राइम: सोनीपत में को-ऑपरेटिव सोसाइटी सेल्समैन 10 हजार रिश्वत लेता गिरफ्तार
सोनीपत: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कार्यालय का फाइल फोटो
सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सोनीपत में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को एक सहकारी समिति के सेल्समैन को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर समिति सदस्य की ऋण सीमा बढ़ाने के बदले पैसे मांगने का आरोप है।
मामला गोहाना क्षेत्र के भौसवाल कलां गांव स्थित सहकारी समिति का है। यहां कार्यरत सेल्समैन सुभाष ने समिति सदस्य कुलदीप से उसकी ऋण सीमा बढ़ाने के बदले 15 हजार रुपये की मांग की थी। बातचीत के बाद सौदा 10 हजार रुपये में तय हुआ। कुलदीप पहले से 60 हजार रुपये तक की ऋण सुविधा ले रहा था और वह अपनी सीमा बढ़ाकर लगभग डेढ़ लाख रुपये करवाना चाहता था।
रिश्वत मांगने से परेशान होकर कुलदीप ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी ने 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
