सोनीपत क्राइम: पत्नी संग धोखाधड़ी, मारपीट कर घर से निकाला
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र में वैवाहिक संबंधों में धोखाधड़ी और घरेलू हिंसा का मामला महिला थाना गोहाना में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति मनोज के खिलाफ शनिवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच थाना प्रभारी परमजीत कौर के नेतृत्व में की जा रही है।
पीड़िता सीमा ने बताया कि उसका विवाह हिंदू रीति-रिवाज से पानीपत जिले के बाल जाटान निवासी मनोज के साथ हुआ था। उनके तीन बच्चे थे, जिनमें से एक पुत्र की तालाब में डूबने से मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी और रोहतक पीजीआई में उसका इलाज चला। महिला का आरोप है कि इसी दौरान पति घर में काम के बहाने एक महिला को लाया और उसके साथ अवैध संबंध बना लिए। आरोप है कि तीन अक्टूबर 2024 को आरोपी ने उस महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप का प्रमाण पत्र भी बनवा लिया। इसके बाद उसने पीड़िता से मोबाइल छीन लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
सीमा ने बताया कि छह दिसंबर 2024 को आरोपी ने उसे इतनी बुरी तरह पीटा कि वह बेहोश हो गई। पहले भी शिकायत देने पर आरोपी ने माफी मांगकर राजीनामा किया, लेकिन घर ले जाकर फिर से उत्पीड़न शुरू कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, उसके बेटे ने अपने नाना को फोन कर जान का खतरा बताया, जिसके बाद उसे मायके मुंडलाना लाया गया। काउंसलिंग और मध्यस्थता के प्रयास विफल रहने पर पुलिस ने मारपीट, क्रूरता, विश्वासघात और जान से मारने की धमकी के आरोप में कार्रवाई शुरू कर दी है।
