मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय राई: पंचायती राज पर प्रश्नोत्तरी से छात्रों में जागरूकता
पंचायती राज पर प्रश्नोत्तरी से छात्रों में जागरूकता।
सोनीपत, अजीत कुमार। मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय, राई के जूनियर विंग ऑडिटोरियम में पंचायती राज व्यवस्था विषय पर एक ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्थानीय स्वशासन प्रणाली की संरचना, कार्यप्रणाली और महत्व से अवगत कराना तथा उनमें लोकतांत्रिक चेतना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में बद्दख़ालसा गांव के सरपंच राकेश कुमार और पबसारा गांव के सरपंच पंकज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके साथ बद्दख़ालसा के पंच, राई ब्लॉक के ग्राम सचिव मुकेश तथा अन्य ग्राम सचिवों ने भी सहभागिता की। अतिथियों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पंचायती राज व्यवस्था की भूमिका, ग्राम स्तर पर विकास कार्यों और जनभागीदारी के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पंचायती राज से जुड़े विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी समझ का परिचय दिया। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों को संविधान के 73वें संशोधन, ग्राम सभा, पंचायत के दायित्वों और अधिकारों जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों से जोड़ने का कार्य किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय की छात्राओं किट्टू और लेवेशिया ने आत्मविश्वास के साथ किया। पूरे आयोजन का सफल संचालन जूनियर विंग के सामाजिक विज्ञान अध्यापक विशाल कुमार भारद्वाज, अशोक सैनी और कालू राम बड़गुज्जर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार धीमान ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, जिम्मेदार नागरिकता और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं। अंत में मुख्य अध्यापिका निर्मल श्योराण ने अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका स्वागत और सम्मान किया।
