March 4, 2026

सोनीपत: ट्रक की टक्कर से ऑटो इलेक्ट्रीशियन घायल, पीजीआई रोहतक रेफर

Auto electrician injured in truck collision, referred to PGI Rohtak

प्रतीकात्मक तस्वीर।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में ट्रक स्टार्ट कराने के बहाने बुलाए गए ऑटो इलेक्ट्रीशियन को लापरवाही से टक्कर मारने का मामला सामने आया है। हादसे में दुकानदार का दाहिना हाथ और पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

गांव पीपली निवासी जोगेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ऑटो इलेक्ट्रीशियन की दुकान चलाते हैं। बुधवार की सुबह एक व्यक्ति ने खुद को राजस्थान अलवर निवासी रोहित कुमार निवासी बताते हुए सैदपुर रोड स्थित मंदिर के पास खड़े ट्रक को स्टार्ट कराने के लिए बुलाया।

जोगेंद्र के अनुसार, मौके पर पहुंचने पर चालक ट्रक की सीट पर बैठा था। उन्होंने नीचे उतरने को कहा, लेकिन चालक ने स्वयं स्टार्ट करने की बात कही। ट्रक स्टार्ट होते ही चालक ने तेज रफ्तार में वाहन बढ़ाया और साइड में खड़े जोगेंद्र को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक कुछ दूरी पर रुका, लेकिन पैर टूटा देख ट्रक लेकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरखौदा और बाद में पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कराया।

एमएलआर और शिकायत के आधार पर थाना खरखौदा में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि ट्रक नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

About The Author