इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड: सोनीपत में सुरंग बनाकर पाइपलाइन से तेल चोरी का प्रयास
सोनीपत: तेल चोरी के बनाई गई सुरंग
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के गांव जटोला क्षेत्र में देश की प्रमुख तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड की उच्च दबाव पेट्रोलियम पाइपलाइन से तेल चोरी का सुनियोजित प्रयास सामने आया है। अज्ञात आरोपियों ने पाइपलाइन के समीप टीनशेड बनाकर जमीन के नीचे सुरंग तैयार की और अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से तेल निकालने की व्यवस्था कर ली। समय रहते कंपनी की निगरानी प्रणाली ने दबाव में असामान्य गिरावट दर्ज की, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।
इंडियन ऑयल के उत्तरी क्षेत्र पाइपलाइन प्रचालन प्रबंधक अशोक मीना ने शुक्रवार को सैदपुर चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मथुरा-जालंधर पाइपलाइन की दिल्ली-पानीपत लाइन गांव जटोला से होकर गुजरती है। पाइपलाइन शटडाउन के दौरान दबाव में गिरावट दर्ज होने पर पाइपलाइन अतिक्रमण पहचान एवं चेतावनी प्रणाली तथा इंटेलिजेंस पिगिंग के माध्यम से संदिग्ध स्थानों की पहचान की गई। लगातार निगरानी के बाद चैनेज संख्या 36.305 किलोमीटर पर चोरी की पुष्टि हुई।
नाहरा-नाहरी मार्ग से लगभग 30-40 मीटर दूर पाइपलाइन के अधिकार क्षेत्र के पास बने टीनशेड की जांच में हाइड्रोलिक मशीन, गैस कटर, फावड़ा सहित कई उपकरण बरामद किए गए। टीनशेड के अंदर ईंटें बिछी मिलीं, जिन्हें हटाने पर नीचे सुरंग दिखाई दी जो सीधे पाइपलाइन तक पहुंच रही थी। इससे मालुम हुआ कि आरोपियों ने व्यवस्थित तरीके से तेल चोरी का नेटवर्क तैयार किया था।
यह पाइपलाइन दिल्ली, पानीपत, अंबाला और जालंधर तक पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति करती है। इसमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ से आग या विस्फोट का गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। रिसाव की स्थिति में जनजीवन, पर्यावरण और आसपास की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका थी, साथ ही ईंधन आपूर्ति बाधित होने से व्यापक संकट भी खड़ा हो सकता था।
डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद सैदपुर चौकी से एएसआई संदीप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की वीडियो रिकॉर्डिंग कर साक्ष्य एकत्र किए गए और स्थल को कब्जे में लिया गया। शिकायत के आधार पर थाना खरखौदा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
