March 5, 2026

सोनीपत: सोनीपत में जर्जरहाल सड़कों पर मंत्री और उपायुक्त को अर्जी

Application to the Minister and Deputy Commissioner on the dilapidated roads in Sonipat

सोनीपत: जर्जरहाल सड़क और इनसेट में शिकायत कर्ता तिहाड़ा कलां निवासी मनजीत।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले में टूटी और जर्जर सड़कों से परेशान ग्रामीणों व राहगीरों की समस्या को लेकर एक सामाजिक कार्यकर्ता ने सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। हरियाणा सरकार के सहकारिता, जेल, पर्यटन और पुरातत्व मंत्री अरविंद शर्मा तथा सोनीपत के उपायुक्त को अर्जी भेजकर जिले के कई ग्रामीण मार्गों की खराब हालत पर चिंता जताई गई है।

गांव तिहाड़ा कलां निवासी मनजीत ने शिकायत में बताया गया है कि अनेक सड़कों पर गहरे गड्ढे बन चुके हैं और सड़कों पर बनी सफेद पट्टिकाएं भी फीकी पड़ चुकी हैं। कई स्थानों पर दिशा सूचक चिह्न नहीं हैं और गति अवरोधक भी अव्यवस्थित हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। प्रार्थी ने इन मार्गों की जांच कराकर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों की भूमिका की पड़ताल कराने तथा खराब सड़कों का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

अर्जी के अनुसार सेक्टर-23 स्थित मुख्य चौक डंपिंग यार्ड से गढ़ी ब्राह्मणा, महलाना, बाघडू और भटगांव की ओर जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। सड़क की सफेद पट्टिकाएं लगभग मिट चुकी हैं और दिशा सूचक चिन्हों की कमी है, जिससे वाहन चालकों को हादसों का खतरा बना रहता है। प्रार्थी ने इस मार्ग की विजिलेंस जांच कराने की मांग भी की है।

तिहाड़ा कलां की धर्मशाला के पास स्थित होलीक्रॉस स्कूल से रतनगढ़ गांव तक की सड़क भी खराब हालत में बताई गई है। अर्जी में कहा गया है कि करीब दो से तीन किलोमीटर तक सड़क पर गहरे गड्ढे हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

इसके अलावा भटगांव-फरमाणा मार्ग से लुहारी टिब्बा होते हुए मोहाना की ओर जाने वाला रास्ता, खेड़ी दहिया से निरथान-नकलोई मोड़ होकर शेहरी व खांडा की ओर जाने वाला मार्ग, बड़वासनी से डेरा पुरबिया और भटगांव तक का रास्ता, पिनाना रोड से बिधल गांव तथा भटगांव से रतनगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग भी जर्जर बताए गए हैं।

अर्जी में कहा गया है कि इन समस्याओं को पहले भी अधिकारियों के संज्ञान में लाया जा चुका है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रार्थी ने प्रशासन से जनहित में इन सड़कों की जांच कराकर जल्द सुधार कार्य कराने और की गई कार्रवाई की जानकारी लिखित रूप में देने की मांग की है।

About The Author