मंत्री डाॅ अरविंद शर्मा: एआई शिक्षा से युवाओं को मिलेंगे नए रोजगार अवसर: मंत्री डा. अरविंद शर्मा
सोनीपत: बॉक्सिंग अकादमी के उद्घाटन अवसर पर डॉ अरविंद शर्मा मुख्य अतिथि व उनकी पत्नी डा. रीटा शर्मा।
सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा में एआई मिशन के तहत युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने बताया कि विश्व बैंक की सहायता से लगभग 474 करोड़ रुपये की योजना के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को एआई कौशल प्रदान किया जाएगा। इस पहल से लाखों युवाओं को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उद्देश्य यह है कि देश का युवा नवाचार और अनुसंधान से जुड़े तथा बदलते समय के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सके। शनिवार को जवाहर लाल नेहरू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बॉक्सिंग अकादमी के उद्घाटन और वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ. अरविंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के विस्तार के लिए सरकार द्वारा निरंतर ढांचागत विकास और विभिन्न योजनाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाला समय एआई का है और भारत इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। डॉ शर्मा ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने अनुशासन, संस्कार और आधुनिक शिक्षा के माध्यम से अभिभावकों का विश्वास जीता है। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए प्रेरित करें, क्योंकि यही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी हैं। कार्यक्रम में डा. रीटा शर्मा, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
