विधायक देवेंद्र कादियान: दो हजार सत्ताईस परिसीमन बाद परिषद दर्जा मिले गन्नौर को
सोनीपत: बजट सत्र के पांचवें दिन गन्नौर से विधायक देवेंद्र कादियान अपना पक्ष रखते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन गन्नौर से विधायक देवेंद्र कादियान ने गन्नौर नगरपालिका को नगर परिषद का दर्जा देने की मांग उठाई। उन्होंने सदन में कहा कि शहर का निरंतर विस्तार हो रहा है और विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर परिषद का दर्जा आवश्यक है। कादियान ने सुझाव दिया कि गन्नौर से सटी टेहा और रोशनपुर ग्राम पंचायतों को नगरपालिका सीमा में शामिल किया जाए, जिससे आवश्यक मानक पूरे हो सकें।
विधायक देवेंद्र ने कहा कि जनहित और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सदन को अवगत कराया कि गन्नौर में बन रही इंटरनेशनल बागवानी फल फूल मंडी इसी वर्ष शुरू होने जा रही है, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी और जनसंख्या भी बढ़ेगी।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने जवाब देते हुए बताया कि वर्तमान में गन्नौर की जनसंख्या 48 हजार 613 है, जो नगर परिषद गठन के निर्धारित मानक से कम है। नियमों के अनुसार न्यूनतम 50 हजार जनसंख्या आवश्यक है। मंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले परिसीमन के दौरान जनसंख्या 50 हजार से अधिक होने की संभावना है। जैसे ही यह आंकड़ा पूरा होगा, विभाग गन्नौर को नगर परिषद बनाने की प्रक्रिया प्रारंम्भ कर देगा।
