न्याय की मांग: उन्नाव रेप कांड में जमानत पर आम आदमी पार्टी का विरोध
सोनीपत: विरोध प्रदर्शन करते आम आदमी पार्टी के नेता कार्यकर्ता।
सोनीपत। उन्नाव रेप कांड में भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर को उच्च न्यायालय द्वारा उम्र कैद की सजा स्थगित कर जमानत दिए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी सोनीपत ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के नेता विमल किशोर की अध्यक्षता में शनिवार को गीता भवन चौक पर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग करते हुए नारेबाजी की और निर्णय पर असहमति जताई।
वक्ताओं ने कहा कि यह मामला देश की न्याय व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा है। ऐसे गंभीर अपराध में दोषी ठहराए गए व्यक्ति को जमानत दिया जाना पीड़िता और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय है। आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह इस निर्णय के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाती रहेगी और पीड़िता के साथ मजबूती से खड़ी है।
पार्टी नेताओं ने मांग की कि पीड़िता को पूर्ण न्याय मिले और दोषियों को किसी भी स्तर पर राहत न दी जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई और त्वरित न्याय ही समाज में विश्वास बहाल कर सकता है। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
