सोनीपत: नरेला में 16 गोलियां मारकर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, तीन दिन बाद अंतिम संस्कार
सोनीपत: नाहरी गांव में प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद का अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे ग्रामीण।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के नाहरी गांव निवासी प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद की गोली मारकर हत्या की गई थी दिल्ली के नरेला के बाकनेर गांव में 3 सितंबर को फुटेज में दो शूटर हाथों में पिस्टल लहराते हुए भागते दिखाई दे रहे हैं। उनका तीसरा साथी बाइक लेकर पहुंचता है और दोनों को बैठाकर फरार हो जाता है। प्रमोद को जिम के बाहर 16 गोलियां मारी गई थीं। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तीन दिन बाद शव का अंतिम संस्कार किया।
शनिवार देर शाम नरेला के बाकनेर गांव में आसपास के गांवों की पंचायत हुई। इसमें नाहरी गांव के ग्रामीण और प्रमोद के परिजन भी पहुंचे। रोहिणी के डीसीपी शशांक जायसवाल पुलिस टीम के साथ पंचायत में पहुंचे और परिजनों व पंचों से अलग बातचीत की।
पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस की ओर से शूटरों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। सीसीटीवी में वारदात के बाद एक शूटर पैदल आता और दूसरा भागता दिखाई देता है। दोनों हथियार लहराते हुए सड़क की ओर जाते हैं। पिस्टल देखकर आसपास के लोग भी डरकर रास्ते से हटते नजर आते हैं। बाइक पर बैठने के बाद एक शूटर पिस्टल दिखाकर लोगों को डराता भी दिखाई देता है।
पुलिस के अनुसार हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं और पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस के आश्वासन के बाद रविवार दोपहर करीब 12 बजे प्रमोद का नाहरी गांव में अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे ने मुखाग्नि दी।
