August 29, 2026

सोनीपत: नालों की जगह पाइपलाइन से दूर होगा जलभराव, मेयर ने दिए निर्देश

Sonipat: Pipelines to replace drains for resolving waterlogging; Mayor issues directives.

सोनीपत: मेयर राजीव जैन गांव लिवान विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों निर्देश देते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। नगर निगम क्षेत्र में सीवरेज और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर मेयर राजीव जैन ने शनिवार को गांव लिवान सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को बचे हुए काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

गांव लिवान में नवनिर्मित एमपीएस (मेन पंपिंग स्टेशन) का निरीक्षण करते हुए मेयर ने कहा कि इसके शुरू होने से गांव में वर्षों पुरानी सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या खत्म होगी। उन्होंने बचे हुए काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। लिवान-एचएसआईआईडीसी रोड पर विकसित कॉलोनियों में जलभराव की समस्या को देखते हुए मेयर ने नाले की बजाय पाइपलाइन डालने के निर्देश दिए। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क को सीसी सड़क के रूप में बनाने को कहा, ताकि ग्रामीणों और कॉलोनीवासियों को राहत मिल सके।

इसके बाद उन्होंने होली चाइल्ड स्कूल के पास गोविंद नगर और नरेंद्र नगर में चल रहे सीवरेज कार्य का निरीक्षण किया। यहां मैनहोल बनाकर मोटर लगाई गई है, जिससे पानी को पंप कर आगे की लाइन में डाला जाएगा। मेयर ने यह काम दो-तीन दिन में पूरा करने के निर्देश दिए। काम पूरा होने के बाद नरेंद्र नगर और आसपास के क्षेत्रों में सीवरेज समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

साईं पुरम में बार-बार सीवरेज ब्लॉकेज की शिकायत पर मेयर ने मौके पर सुपर सकर मशीन मंगवाकर पूरी सीवरेज लाइन की सफाई शुरू करवाई। उन्होंने कॉलोनीवासियों को बताया कि लाइन बदलने का एस्टीमेट तैयार हो चुका है। जल्द ही टेंडर लगाकर काम शुरू कराया जाएगा। मेयर ने अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी समाधान करने और विकास कार्यों में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

About The Author