July 22, 2026

सोनीपत: ब्लड कैंसर से जूझ रहे 7 वर्षीय बच्चे के इलाज के लिए सोनीपत पुलिस ने दी 5 लाख रुपये की सहायता

Sonipat Police provided financial assistance of ₹5 lakh for the treatment of a 7-year-old child battling blood cancer.

5 लाख का चेक देती पुलिस कमिश्नर ममता सिंह।

सोनीपत, अजीत कुमार। पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह (आईपीएस) ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए ब्लड कैंसर से पीड़ित सात वर्षीय बच्चे के उपचार के लिए पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। यह सहायता हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से पुलिस विभाग में चालक के पद पर कार्यरत विकास के परिवार को दी गई।

विकास वर्तमान में महिला थाना सोनीपत में चालक के रूप में कार्यरत हैं। उनका सात वर्षीय पुत्र ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। लंबे समय से चल रहे उपचार के कारण परिवार पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा था। ऐसे कठिन समय में पुलिस आयुक्त ममता सिंह के प्रयासों से उपलब्ध कराई गई यह आर्थिक सहायता परिवार के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

चेक प्रदान करते हुए पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के सुख-दुःख में भी पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा रहता है। उन्होंने बच्चे के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में सहयोग और मानवीय संवेदनाएं ही सबसे बड़ी शक्ति होती हैं।

उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग करता रहेगा। इस अवसर पर उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से भी जरूरतमंद साथियों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया।

आर्थिक सहायता का चेक प्राप्त करने के बाद विकास और उनके परिवार ने पुलिस आयुक्त सहित सभी सहयोगी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सहायता उनके बच्चे के इलाज में महत्वपूर्ण सहयोग साबित होगी। पुलिस विभाग की इस मानवीय पहल की व्यापक सराहना की जा रही है।

About The Author