July 22, 2026

सोनीपत मेयर राजीव जैन: 4-5 दिन में पूरी तरह पटरी पर आएगी शहर की सफाई व्यवस्था

City's sanitation system to be fully back on track in 4-5 days: Mayor Rajiv Jain

सोनीपत, अजीत कुमार। नगर निगम सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने कहा है कि शहर की सफाई व्यवस्था अगले चार से पांच दिनों में पूरी तरह सुचारु हो जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले सफाई ठेके की अवधि समाप्त होने के कारण करीब एक माह सात दिन तक सफाई कार्य प्रभावित रहा। अब नए ठेकेदार को कार्य आवंटित कर दिया गया है और शहर में नियमित सफाई अभियान शुरू हो चुका है।

बुधवार सुबह मेयर राजीव जैन सफाई कर्मियों के हाजिरी स्थल पर पहुंचे और कर्मचारियों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने सफाई कर्मियों को आश्वस्त किया कि यदि प्रारंभिक तीन दिनों तक पोर्टल पर उनका नाम दर्ज नहीं भी होता है, तो उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। नाम दर्ज होने के बाद उन्हें पूरा वेतन नियमानुसार दिया जाएगा।

मेयर ने कर्मचारियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आग्रह करते हुए कहा कि स्वच्छ और सुंदर सोनीपत बनाने में सफाई कर्मियों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर को साफ-सुथरा रखना है और किसी भी वार्ड में कूड़े का ढेर नहीं लगने दिया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। मेयर ने स्पष्ट किया कि यदि कोई ठेकेदार या कर्मचारी अपने कार्य में लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शहरवासियों से अपील करते हुए राजीव जैन ने कहा कि वे घरेलू कचरा केवल डोर-टू-डोर संग्रहण वाहन को ही दें तथा सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और खाली भूखंडों में कूड़ा फेंकने से बचें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ सोनीपत का निर्माण संभव है।

About The Author