सोनीपत के हर वार्ड में बनेगी निगरानी समिति: विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर रहेगी पैनी नजर
सोनीपत: हर वार्ड में गठित निगरानी समिति पर चर्चा करते मेयर साथ में विधायक।
सोनीपत, अजीत कुमार। नगर निगम सोनीपत की विशेष हाउस बैठक में शहर के विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक वार्ड में वार्ड निगरानी समिति गठित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस नई व्यवस्था के माध्यम से विकास कार्यों की नियमित समीक्षा होगी और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
मेयर राजीव जैन ने बताया कि प्रत्येक वार्ड में गठित निगरानी समिति की हर माह नियमित बैठक आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता संबंधित वार्ड पार्षद करेंगे। इन बैठकों में वार्ड की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय की जाएंगी तथा चल रहे कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्ध क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वार्ड निगरानी समितियां केवल विकास कार्यों की निगरानी तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इसके अलावा समितियां सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों तक पहुंच बनाकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहयोग करेंगी।
मेयर राजीव जैन ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य विकास कार्यों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाना है। वार्ड स्तर पर गठित समितियों के माध्यम से स्थानीय समस्याओं का समय पर समाधान होगा और नागरिकों तथा नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल शहर के विकास को नई गति देगी और प्रत्येक वार्ड में योजनाबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य सुनिश्चित होंगे।
बैठक में नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, अतिरिक्त आयुक्त विजय यादव, पार्षद मुकेश बामनिया, किरण चांदना, सुनीता भोला, सुनीता राठी, सुरेंद्र मदान, त्रिभुवन कौशिक, संजीव वलेचा, राजकुमार शर्मा, मुनीराम ठोलेदार, संजय ठेकेदार, साधना तनेजा, रीना रामनिवास, राजेश मलिक, नवीन कुमार, अनुराग जैन, कुणाल कौशिक सहित निगम के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
