सोनीपत खबर: सोनीपत में तीन सवारों संग बुलेट जब्त, 22 हजार रुपए का चालान
सोनीपत: वाहन चैकिंग के दौरान पुलिस कर्मी।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के खरखौदा में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर ट्रैफिक पुलिस ने एक बुलेट मोटरसाइकिल जब्त कर उसका 22 हजार रुपए का चालान किया। दिल्ली रोड पर विशेष जांच अभियान के दौरान मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार मिले। तीनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था और वाहन के जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं करा सके।
पुलिस के अनुसार रविवार को दिल्ली रोड पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई। जांच में पता चला कि चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था तथा वाहन का पंजीकरण प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अलावा मोटरसाइकिल पर क्षमता से अधिक तीन युवक सवार थे। पुलिस ने पाया कि मोटरसाइकिल के साइलेंसर में अवैध बदलाव किया गया था, जिससे तेज आवाज के साथ पटाखे जैसी ध्वनि निकल रही थी। यह यातायात नियमों का उल्लंघन माना गया। शहर में इस प्रकार के वाहनों को लेकर लगातार शिकायतें मिलने के बाद पुलिस विशेष अभियान चला रही है।
नियमों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने मोटरसाइकिल का 22 हजार रुपए का चालान किया और वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। ट्रैफिक इंचार्ज उपनिरीक्षक राजेश ने बताया कि अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पिछले एक माह में 100 से अधिक वाहनों के चालान किए जा चुके हैं। पुलिस विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य संस्थानों में जाकर युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी कर रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त ममता सिंह के निर्देश पर सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।
