सोनीपत: सोनीपत पुलिस नाकाबंदी में 11 हजार 328 बोतल अवैध शराब पकड़ी
सोनीपत: पुलिस द्वारा पकड़ा गया ट्रक, जिसमें छिपाई थी शराब।
गन्नौर, ज्योति शर्मा। सोनीपत महापौर, नगर निगम पार्षद चुनाव और पंचायती राज उपचुनाव के चलते जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोनीपत पुलिस लगातार सघन नाकाबंदी और विशेष जांच अभियान चला रही है। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। एक ट्रक और कैंटर शुक्रवार को जब्त किया है।
पुलिस आयुक्त ममता सिंह के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की जा रही है। इसी कड़ी में एंटी गैंगस्टर यूनिट (एसयूएजी) की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग 44 सर्विस लाइन पर पिपली खेड़ा मोड़ के पास ताऊ का हिमाचल वैष्णो ढाबा के नजदीक एक ट्रक को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक में चावल की बोरियों की आड़ में अवैध शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। भिवासी के गांव रोहनात निवासी चालक अनिल ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि ट्रक में अंग्रेजी शराब की पेटियां भरी थीं और यह खेप सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल ले जाई जानी थी। उसके पास शराब ले जाने का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। सूचना मिलते ही आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान ट्रक से अलग-अलग ब्रांड की कुल 11 हजार 328 बोतलें, करीब 944 पेटियां अवैध शराब बरामद हुईं। इसी अभियान के तहत थाना खरखौदा क्षेत्र में बने अंतरराज्यीय नाके पर जांच के दौरान पुलिस ने दो कैंटर भी रोके। तलाशी में एक कैंटर से 750 पेटी और दूसरे से 600 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शुरुआती जांच में सामने आया कि यह शराब पंजाब से दिल्ली ले जाई जा रही थी, लेकिन चालक तय मार्ग छोड़कर वैकल्पिक रास्ता अपना रहे थे।
संदेह के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर शराब कब्जे में ली और आगे की कार्रवाई के लिए मामला आबकारी विभाग को सौंप दिया। पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों, खासकर शराब के अवैध वितरण पर रोक लगाने के लिए यह विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
