सोनीपत: नकली जीएसटी टीम बनाकर तीस करोड़ ठगी की कोशिश
AI से जनरेट फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में खुद को जीएसटी विभाग का अधिकारी बताकर ठगी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपियों ने तीस करोड़ रुपये के कथित घोटाले का डर दिखाकर एक व्यक्ति को निशाना बनाया, लेकिन वीडियो बनते ही मौके से फरार हो गए।
घटना राठधाना रोड स्थित निराकार सेवा संस्थान के बाहर की है। बुधवार शाम एक कार में सवार तीन से चार युवक पहुंचे और विकास नाम के व्यक्ति की गाड़ी रुकवा ली। आरोपियों ने खुद को जीएसटी इंस्पेक्टर बताते हुए कागजात मांगे। सभी सामान्य कपड़ों और चप्पल में थे, जिससे शुरू में ही संदेह हो गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जगह को संदिग्ध बताते हुए तीस करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले की बात कही और कार्रवाई की धमकी दी। उन्होंने दो हजार पच्चीस की एक कथित एफआईआर की कॉपी भी दिखाई, जो बाद में फर्जी निकली। आशंका है कि डर दिखाकर पैसे ऐंठने की योजना थी। स्थिति तब बदली जब नरेंद्र सिंह ने आरोपियों से पहचान पत्र मांगा और सीसीटीवी व मोबाइल से वीडियो बनानी शुरू कर दी। वीडियो बनते देख आरोपी घबरा गए और अपनी गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। कार यूपी बत्तीस नंबर की बताई गई है।
पीड़ित पक्ष ने तुरंत एक सौ बारह नंबर पर कॉल कर सूचना दी, लेकिन पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। घटना की वीडियो सुरक्षित रखी गई है। पीड़ित ने बताया कि पहले भी इसी तरह की कोशिश की जानकारी मिली थी। यह घटना फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने वाले गिरोह की सक्रियता दिखाती है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अधिकारी की पहचान की पुष्टि जरूर करें। मामले में शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
