April 14, 2026

सांसद दीपेंद्र हुड्डा: संविधान लोकतंत्र का आधार, इसे कमजोर नहीं होने देंगे

MP Deepender Hooda Constitution is the basis of democracy, we will not let it weaken.

सोनीपत, अजीत कुमार।  रोहतक से सांसद  दीपेंद्र हुड्डा ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर हरियाणा कांग्रेस के एससी विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर बाबा साहब को नमन किया। उन्होंने कहा कि संविधान लोकतंत्र का सबसे बड़ा ग्रंथ है और बाबा साहब करोड़ों लोगों के लिए देवता स्वरूप हैं।

हुड्डा ने कहा कि अंबेडकर के विचारों—समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे—पर देश का संविधान आधारित है, जिसने हर नागरिक को अधिकार प्रदान किए और देश को एक सूत्र में बांधने का काम किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को संविधान की मूल भावना से अवगत कराना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर भाजपा के “400 पार” के नारे को विफल कर संविधान की रक्षा की है।

हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बाबा साहब के बनाए संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए सामूहिक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा शासन में भेदभाव बढ़ा है और अनुसूचित जाति समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा।

उन्होंने हरियाणा में पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि अंबेडकर के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना, छात्रवृत्ति योजनाएं और गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई थीं, जिन्हें वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया।

अंत में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए सभी को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।

About The Author