सोनीपत क्राइम: घर बैठे काम के झांसे से महिला से ठगे लाखों रुपये, दो गिरफ्तार
सोनीपत: गिरफ्तार किए गए साइबर ठग
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के थाना मोहाना पुलिस ने घर बैठे काम करने और पैसे कमाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर सोमवार को सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 31 दिसम्बर 2025 को सोनीपत निवासी एक महिला ने थाना मोहाना में शिकायत दी थी कि वह अपनी पढ़ाई के लिए लेग्रम एप का उपयोग करती है। 28 जून 2025 को उसके मोबाइल पर नेहा पांडेय नाम से एक संदेश और फोन आया। फोन करने वाले ने उसे घर बैठे काम करने और पैसे कमाने का लालच दिया। बाद में उसे लेग्रम पर सुपर ग्रुप से जुड़ने के लिए कहा गया। महिला ने बताए अनुसार समूह ज्वाइन किया, जहां उसे कुछ कार्य दिए गए। कार्य पूरे करने पर उसे थोड़ी राशि भी मिली, जिससे उसे भरोसा हो गया।
इसके बाद 29 जून 2025 को फिर फोन आया और कहा गया कि उसके खाते में गलती के कारण खाता फ्रीज हो गया है। उसे दोबारा चालू कराने के लिए बताए गए यूपीआई खातों में पैसे जमा करवाने होंगे। झांसे में आकर महिला ने अलग-अलग खातों में कुल दो लाख 85 हजार रुपये जमा करवा दिए। बाद में उसे ठगी का पता चला।
शिकायत के आधार पर थाना मोहाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने ऐलनाबाद, जिला सिरसा निवासी विनित कुमार और गौरव को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश कर सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
