सतकुंभा उत्सव 2026: सतकुंभा से उठी साधना की ज्योति, कलश यात्रा ने दिया सेवा-शांति का संदेश
सोनीपत: पीठाधीश्वर श्रीमहंत राजेश स्वरुप जी महाराज ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली को पगड़ी पहनकर किया सम्मानित।
सोनीपत, अजीत कुमार। गन्नौर के खेड़ी गुज्जर स्थित पावन सिद्धपीठ तीर्थ सतकुंभा धाम में सात दिवसीय दिव्य सतकुंभा उत्सव सोमवार से विधिवत् शुभारंभ हुआ। उत्सव की शुरुआत पूजा-अर्चना, आरती और हवन के साथ हुई, जिसमें हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने आहुति अर्पित की। इसके उपरांत मातृशक्ति को कलश प्रदान कर भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ कराया गया। कलश यात्रा में श्रद्धा, अनुशासन और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।

मोहनलाल बडौली ने कहा कि सतकुंभा धाम सनातन संस्कृति का अत्यंत पवित्र केंद्र है, जिसकी आध्यात्मिक चेतना सतयुग से जुड़ी मानी जाती है। यहां से प्रवाहित होने वाली दिव्य ऊर्जा समाज को धर्म, सेवा और शांति के मार्ग पर अग्रसर करती है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण है, जो ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के सहयोग से निरंतर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि धर्म के मार्ग पर अग्रसर हो। उन्होंने बताया कि वर्तमान पीढ़ी का धर्म और सेवा से जुड़ना शुभ संकेत है। युवा, भारतीय संस्कारों को अपनाएं और जीवन में एक बार सतकुंभा धाम की यात्रा अवश्य करें, जिससे आत्मिक संतुलन और सामाजिक दायित्व का बोध विकसित हो।

पीठाधीश्वर श्रीमहंत राजेश स्वरुप ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि जैसे देश में कुंभ का नाम आते ही हरिद्वार, प्रयागराज, उज्जैन और नासिक स्मरण में आते हैं, उसी प्रकार हरियाणा की धरती पर स्थित सतकुंभा भी भारत के 68 प्रमुख तीर्थों में विशिष्ट स्थान रखता है। यह सप्तऋषियों की तपोभूमि और साधना स्थली रही है। सात दिवसीय उत्सव का उद्देश्य जन-जन में आध्यात्मिक चेतना का विस्तार करना है।



उत्सव के दौरान वेद ज्ञाता आचार्य अमन के नेतृत्व में पांडू पिंडारा से आए कलाकारों ने तलवारबाजी, लाठी और चाबुक के करतब दिखाकर शोभायात्रा को आकर्षक बनाया। हजारों श्रद्धालु महिलाएं, पुरुष और बच्चे कलश यात्रा में सहभागी बने। आचार्य दीपक सहित अन्य विद्वानों द्वारा रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन सत्र में गीता देवी, डॉ कांता शर्मा, शिवानी शर्मा, अंशु शर्मा, वालीवुड ऐक्शन डायरेक्टर यामीन, जगमहेंद्र मित्तल, बिलंदपुर के सरपंच महिपाल गौतम, गन्नौर मार्केट कमेटी चेयरमेन निशांत छौक्कर, रतन लाल खेड़ी गुज्जर आदि विशेष रूप से शामिल रहे। आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की सेवा की गई। चाइल्ड केयर स्कूल के प्राचार्य अजय यादव सैकड़ों छात्र छात्राओं के साथ उत्सव में शामिल हुए।
