February 10, 2026

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का प्लेन क्रैश में निधन: महाराष्ट्र में शोक की लहर, बारामती में लैंडिंग के दौरान हुआ भीषण हादसा; PM मोदी ने जताया दुख

Maharashtra mourns: Deputy CM Ajit Pawar dies in plane crash during landing in Baramati; PM Modi expresses grief

फाइल फोटो।

मुंबई/बारामती: महाराष्ट्र की राजनीति के लिए बुधवार की सुबह एक अत्यंत दुखद और चौंकाने वाली खबर लेकर आई। राज्य के उपमुख्यमंत्री और कद्दावर नेता अजित पवार (66) का एक विमान हादसे में निधन हो गया है। हादसा उनके गृह नगर बारामती में सुबह करीब 8.45 बजे हुआ, जब उनका चार्टर्ड प्लेन लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे ने न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश के राजनीतिक गलियारों को स्तब्ध कर दिया है। विमान में अजित पवार के साथ उनके निजी सहायक, सुरक्षाकर्मी और पायलट क्रू समेत कुल 5 लोग सवार थे और दुर्भाग्यवश किसी की भी जान नहीं बचाई जा सकी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने हादसे की पुष्टि करते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।

लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसला विमान, आग का गोला बना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजित पवार मुंबई से एक चार्टर्ड विमान (लियरजेट-45) के जरिए बारामती जा रहे थे, जहां उन्हें पंचायत चुनाव के मद्देनजर एक जनसभा को संबोधित करना था। बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान अनियंत्रित होकर रनवे से फिसल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दृश्य बेहद भयावह था। एयरपोर्ट के पास मौजूद एक चश्मदीद ने बताया, “विमान जैसे ही फिसला, एक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते वह आग के गोले में तब्दील हो गया। इसके बाद 4-5 और धमाके हुए। हम मदद के लिए दौड़े, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि राहत बचाव का मौका ही नहीं मिला।”

PM मोदी ने CM फडणवीस से की बात, जताया गहरा शोक
हादसे की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। पीएम मोदी ने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर अजित पवार के साथ अपनी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा:

“अजित पवार जनता के नेता थे, जिनका जमीनी स्तर पर मजबूत जुड़ाव था। महाराष्ट्र के लोगों की सेवा करने में सबसे आगे रहने वाले एक मेहनती व्यक्तित्व के तौर पर उनका बहुत सम्मान किया जाता था। उनका असमय निधन बहुत चौंकाने वाला और दुखद है। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।”

नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी ने व्यक्त किया शोक 
हादसे की खबर मिलते ही नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी ने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर श्रद्धांजलि दी

“महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री श्री अजित पवार जी और उनके सहयात्रियों की आज हवाई जहाज दुर्घटना में निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस शोक के पल में महाराष्ट्र की जनता के साथ हूं। समस्त पवार परिवार और प्रियजनों को इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”

 

पवार परिवार में मातम, बारामती रवाना हुए शरद पवार
हादसे के वक्त एनसीपी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार मुंबई में और सांसद सुप्रिया सुले दिल्ली में थीं। खबर मिलते ही शरद पवार और पूरा परिवार बारामती के लिए रवाना हो गया। अजित पवार के भतीजे युगेंद्र पवार खबर सुनते ही रो पड़े। बारामती के सरकारी अहिल्याबाई होलकर अस्पताल के बाहर, जहां शवों को लाया गया है, समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई है। राज्य सरकार ने सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और बारामती में बंद का ऐलान किया गया है।

DGCA ने जारी की रिपोर्ट: कौन-कौन था विमान में?
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा साझा की गई शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार:

तारीख: 28 जनवरी, 2026

विमान: लियरजेट 45 (VT-SSK), ऑपरेटर- VSR

स्थान: बारामती एयरपोर्ट

मृतकों की संख्या (5): डिप्टी CM अजित पवार, उनके निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO), एक सहायक और 2 क्रू मेंबर।

हादसे में मारे गए 5 लोगों के नाम

  • अजित पवार- उपमुख्यमंत्री
  • एचसी विदिप जाधव, अजित के निजी सुरक्षा अधिकारी
  • कैप्टन सुमित कपूर- पायलट
  • कैप्टन शांभवी पाठक- पायलट
  • पिंकी माली- फ्लाइट अटेंडेंट

एक नजर: ‘दादा’ का राजनीतिक सफर और जीवन
अजित अनंतराव पवार, जिन्हें उनके समर्थक प्यार से ‘दादा’ कहते थे, का जन्म 22 जुलाई 1959 को हुआ था।

शुरुआत: 1982 में एक सहकारी चीनी कारखाने के बोर्ड सदस्य के रूप में राजनीति में कदम रखा।

विधायक: 1991 में पहली बार बारामती से विधायक बने और उसके बाद 1995, 1999, 2004, 2009, 2014 और 2019 में लगातार जीत हासिल की।

उपमुख्यमंत्री: वे महाराष्ट्र के इतिहास में सबसे ज्यादा बार उपमुख्यमंत्री बनने वाले नेताओं में से एक थे। उन्होंने पृथ्वीराज चव्हाण, देवेंद्र फडणवीस, उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्रित्व काल में डिप्टी सीएम का पद संभाला।

राजनीतिक बदलाव: नवंबर 2019 में और फिर जुलाई 2023 में उन्होंने बड़े राजनीतिक उलटफेर करते हुए भाजपा के साथ सरकार बनाई। फरवरी 2024 में चुनाव आयोग ने उनके गुट को असली एनसीपी माना था।

विवादों से भी रहा पुराना नाता
अजित पवार का करियर विकास कार्यों के साथ-साथ विवादों में भी रहा। 2013 में सिंचाई घोटाले के आरोपों के चलते उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था, हालांकि बाद में उन्हें क्लीन चिट मिल गई थी। इसके अलावा, बांध में पानी को लेकर दिए गए उनके एक बयान की भी कड़ी आलोचना हुई थी, जिसके लिए उन्होंने सार्वजनिक माफी मांगी थी। इन सबके बावजूद, उनकी प्रशासनिक पकड़ और काम करने की शैली (दादागिरी नहीं, कार्यक्षमता) के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह: “वे जनसेवा के प्रति अपनी निष्ठा के लिए जाने जाते थे।”
  • प्रियंका चतुर्वेदी (शिवसेना-UBT): “हमारे मतभेद थे, लेकिन वे एक निष्ठावान और मेहनती नेता थे।”
  • गिरिराज सिंह: “देश के जाने-माने नेता का जाना अपूरणीय क्षति है।”

महाराष्ट्र सरकार और पुलिस प्रशासन ने हादसे के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है कि क्या यह महज एक तकनीकी खराबी थी या इसके पीछे कोई और वजह है।

About The Author