सोना-चांदी चौथे दिन भी रिकॉर्ड स्तर पर:चांदी ₹2.32 लाख और सोना ₹1.37 लाख के पार
प्रतीकात्मक फोटो।
नई दिल्ली। देश में सोने और चांदी की कीमतों ने गुरुवार, 26 दिसंबर को लगातार चौथे दिन नया रिकॉर्ड बना लिया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक चांदी की कीमत में जबरदस्त उछाल देखने को मिला और 1 किलो चांदी 13,117 रुपए बढ़कर 2,32,100 रुपए के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गई। बीते 10 दिनों में ही चांदी करीब 37 हजार रुपए महंगी हो चुकी है, जबकि इस साल इसमें 150 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न मिला है। वहीं सोने की कीमत भी 1,287 रुपए बढ़कर 1,37,914 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गई है। वैश्विक अनिश्चितताओं, कमजोर डॉलर और बढ़ती औद्योगिक मांग के चलते दोनों कीमती धातुओं में तेज़ी बनी हुई है, जिससे निवेशकों और आम खरीदारों की चिंता भी बढ़ गई है।
चांदी और सोने के दाम में जबरदस्त उछाल
IBJA के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को चांदी 2,18,983 रुपए प्रति किलो थी, जो एक ही दिन में 13 हजार रुपए से ज्यादा उछल गई। 12 दिसंबर को चांदी का भाव 1,95,180 रुपए था। वहीं सोना भी 24 कैरेट में 1,36,627 रुपए से बढ़कर 1,37,914 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया।
शहरों में अलग-अलग रेट क्यों होते हैं
IBJA के रेट्स में 3% GST, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स का मार्जिन शामिल नहीं होता। इसी वजह से अलग-अलग शहरों में सोने-चांदी के दाम अलग दिखाई देते हैं। इन्हीं रेट्स के आधार पर RBI सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड और कई बैंक गोल्ड लोन की कीमत तय करते हैं।
इस साल कितनी महंगी हुई धातुएं
2025 में अब तक सोना 61,752 रुपए और चांदी 1,46,083 रुपए महंगी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2024 को सोना 76,162 रुपए और चांदी 86,017 रुपए प्रति किलो थी।
तेजी के प्रमुख कारण
सोने में तेजी की वजह कमजोर डॉलर, वैश्विक तनाव और केंद्रीय बैंकों की भारी खरीदारी है। वहीं चांदी में उछाल का कारण सोलर, इलेक्ट्रॉनिक्स और EV सेक्टर की मजबूत मांग, अमेरिकी टैरिफ का डर और मैन्युफैक्चरर्स की अग्रिम खरीद है।
आगे क्या रहेंगे दाम
केडिया एडवाइजरी के अजय केडिया के मुताबिक चांदी इस साल के अंत तक 2.50 लाख रुपए प्रति किलो और सोना अगले साल 1.50 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है।
