February 22, 2026

विद्यार्थियों के लिए खेल-शिक्षा संतुलन जरूरी: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल

Sports-education balance is necessary for students: Union Minister Manohar Lal

सोनीपत: मोतीलाल नेहरू खेल विद्यालय, राई में 53वें वार्षिकोत्सव समारोह केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल।

  • खेल यूनिवर्सिटी को खेल की आईआईटी के रूप में पहचान दिलाएंगे: कुलपति अशोक कुमार

सोनीपतमोतीलाल नेहरू खेल विद्यालय, राई में 53वें वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन बुधवार को उत्साह, गरिमा और अनुशासनपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में खेल, शिक्षा, योग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का संतुलित संगम देखने को मिला। मुख्य अतिथि केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल ने विभिन्न खेलों और शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी शुभकामनाएं दीं।

बुधवार को संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह विद्यालय केवल खेल प्रतिभा गढ़ने का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी सशक्त मंच है। खेल और शिक्षा को अलग-अलग मानने की पुरानी सोच अब बदल चुकी है। आज आवश्यकता है कि विद्यार्थी दोनों क्षेत्रों में संतुलन बनाकर आगे बढ़ें। खेल न केवल शरीर को सशक्त बनाते हैं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थी जीत और हार—दोनों को स्वीकार करना सीखते हैं। जीत उत्साह देती है, जबकि हार भविष्य की तैयारी का आधार बनती है। यही जीवन का वास्तविक प्रशिक्षण है। निरंतर अभ्यास, धैर्य और परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश के खिलाड़ियों का योगदान उल्लेखनीय रहा है। गांव-गांव में अखाड़ों, खेल मैदानों और सशक्त खेल संस्कृति ने हरियाणा को नई पहचान दी है। सरकार खेल ने स्टेडियम, व्यायामशालाएं और खेल मैदान विकसित किए हैं।

उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र को भी नुकसान पहुंचाता है। शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और समाज को मिलकर युवाओं को सही दिशा देनी होगी।

Sports-education balance is necessary for students: Union Minister Manohar Lal
सोनीपत: मोतीलाल नेहरू खेल विद्यालय, राई में 53वें वार्षिकोत्सव खेल का प्रदर्शन करते हुए छात्र।

कार्यक्रम में हरियाणा खेल विश्वविद्यालय राई के कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि खेल विद्यालय और खेल विश्वविद्यालय को खेलों की आईआईटी के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है। यहां से ऐसे खिलाड़ी तैयार किए जाएंगे जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और कर्मचारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। सोनाली अहलावत को सर्वश्रेष्ठ समग्र प्रदर्शन के लिए राज्यपाल पदक प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ हाउस के लिए इंद्र हाउस को अर्जुन ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। अंतर-हाउस सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में जूनियर वर्ग से सूर्या हाउस और सीनियर वर्ग से वरुणा हाउस को ट्रॉफी मिली। अंतर-हाउस शैक्षणिक प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में अर्जुन हाउस विजेता रहा। अंतर-हाउस खेल प्रतियोगिताओं में जूनियर वर्ग से इंद्र हाउस और सीनियर वर्ग से वरुण हाउस को ट्रॉफी प्रदान की गई।

समारोह में राई विधायक कृष्णा गहलावत, गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान, मेयर राजीव जैन, उपायुक्त सुशील सारवान, जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका दहिया, चेयरमैन निशांत छौक्कर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता का संचार किया।

About The Author