April 13, 2026

सोनीपत क्राइम: सोनीपत में प्रॉपर्टी के नाम पर 25 लाख की ठगी, रजिस्ट्री से मुकरे आरोपी

25 lakh rupees defrauded in the name of property in Sonipat, accused refuse to register

AI से जनरेट फोटो।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में प्रॉपर्टी खरीद के नाम पर एक युवक और उसके पिता से 25 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठगों ने 581 वर्गगज के प्लॉट का झांसा देकर पहले नकली कागजात दिखाए और भरोसा जीत लिया, जिसके बाद अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए। बाद में आरोपी रजिस्ट्री कराने से मुकर गए और पैसे मांगने पर पीड़ितों को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।

गांव पिपली निवासी नवीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अक्टूबर 2025 में वह अपने पिता के साथ प्लॉट खरीदने की तलाश में था। इसी दौरान उसकी मुलाकात कृष्ण कुमार, गीता देवी और राजेश से हुई। आरोपियों ने मटिंडू रोड पर स्थित 581 वर्गगज का मकान दिखाया और 50 लाख रुपये में सौदा तय कर लिया। 30 अक्टूबर को 2 लाख रुपये नकद लेने के बाद 6 नवंबर को 23 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए।

इसके बाद 10 नवंबर 2025 को नोटरी के माध्यम से एग्रीमेंट कराया गया, जिसमें 31 जनवरी 2026 तक रजिस्ट्री कराने का वादा किया गया। तय समय आने पर पीड़ित 30 जनवरी और 2 फरवरी को तहसील पहुंचे, लेकिन आरोपी वहां नहीं आए। बार-बार संपर्क करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने एससी/एसटीएक्ट में फंसाने की धमकी दी और अतिरिक्त रकम की मांग करने लगे। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी पहले भी इस तरह की ठगी कर चुके हैं। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

About The Author